हिसार। प्रदेश में शुक्रवार से फिर से मानसून सक्रिय हो जाएगा। रात से मानसून की सक्रियता के चलते तीन सितंबर तक प्रदेश में अलग-अलग जिलों में झमाझम वर्षा हो सकती है। वहीं हिसार में वीरवार को मिलगेट स्थित गीता कालोनी की गली नंबर 12 में मकान की छत गिर गई। इसमें रहने वाली बुजुर्ग बाल-बाल बच गई। वहीं शाहपुर गांव में तीन दिन में तीसरी बार बरसाती पानी की ड्रेन टूट गई। वहीं घग्गर में 37,180 क्यूसेक पानी पहुंचने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों ने सिरसा में निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
वहीं फतेहाबाद में रंगोई नाले की सफाई को काम शुरू किया। दूसरी तरफ मानसून के चलते वीरवार को आठ जिलों में हल्की वर्षा हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले दिनों मानसून की सक्रियता फिर से ज्यादा होगी।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तेज वर्षा हो सकती है। इसे लेकर लगातार यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून टर्फ अब श्रीगंगानगर, शिवपुरी, दमोह और कलिंगापट्टनम से दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है।