चाय की टपरी खोलनी हो या ब्यूटी पार्लर शुरू करना, हरियाणा सरकार 6% ब्याज पर दे रही 6 लाख रुपये

क्या आप भी लोन के लिए बैंकों के चक्कर काट रहे हैं? लेकिन सफलता हाथ नहीं लग रही है, तो हम आपको एक ऐसी स्कीम की जानकारी देने जा रहे हैं, जो आपके बहुत ही काम आएगी। सूदखोरों के चक्कर में फंसने के बजाय सरकार की ओर से आपको महज 6 फीसदी की ब्याज दर पर 6 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है। यही नहीं इस पर 50000 रुपये तक की सब्सिडी भी मिलेगी।

दरअसल हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम केंद्र सरकार की स्कीम ‘पीएम अजय’ योजना के तहत अनुसूचित जाति और बीपीएल परिवारों को कम ब्याज पर लोन उपलब्ध करा रहा है। इसके अलावा सब्सिडी भी मिल रही है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री अभ्युदय योजना को हरियाणा में लागू किया जा चुका है। इस योजना के तहत 6 लाख रुपये तक का लोन लिया जा सकता है। इसके अलावा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से 50,000 रुपये की सब्सिडी भी मिलती है।

6 लाख के लोन के लिए क्या है पात्रता
यह योजना अनुसूचित जाति और बीपीएल परिवारों के लिए है। जिन परिवारों की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम यानी 25000 रुपये महीने तक है, वह इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इन परिवारों को 1 से 6 लाख रुपये तक का लोन 6 फीसदी ब्याज दर पर मिलता है। इस योजना के तहत 20 तरह के कामों के लिए लोन लिया जा सकता है।

इन कामों के लिए मिलेगा लोन
क्रम काम
1 किराना व ग्रॉसरी स्टोर
2 मनियारी व कॉस्मेटिक की दुकान
3 ब्यूटी पार्लर
4 ड्रोन फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी
5 जन सेवा केंद्र, साइबर केंद्र, ऑनलाइन सेवा केंद्र
6 चाय की दुकान
7 मिठाई की दुकान या नाश्ता कॉर्नर
8 ढाबा या टिफिन सर्विस
9 मैकेनिक शॉप
10 ऑटो या गाड़ियों का सामान
11 जूते-चप्पल की दुकान
12 फल-सब्जी की दुकान या जूस की दुकान
13 वेल्डिंग की दुकान
14 भवन निर्माण सामग्री की दुकान
15 पेंट की दुकान
16 फर्नीचरिंग, बढ़ईगिरी या एल्युमिनियम के काम की दुकान
17 स्टेशनरी या किताब की दुकान
18 सीसीटीवी लगाने का काम
19 आटा चक्की
20 कर्मशियल वाहन संचालन

कब शुरू होंगे आवेदन
अभी इस योजना को अंतिम रूप मिलना बाकी है। राज्य सरकार की ओर से इसे फाइनल एप्रूवल मिलना अभी बाकी है। प्रशासन का मानना है कि इससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। एक बार योजना को मंजूरी मिलने के बाद लाभार्थियों के आवेदन और चयन प्रक्रिया पर फैसला लिया जाएगा।