39 सीटर बस में 66 लोग सवार! हिमाचल में हुए हादसे में 14 मौतों की वजह और जिम्मेदार कौन?

नाहन. हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार में हुए बस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है और 52 लोग घायल हैं. हालांकि, अब तक हादसे के पीछे की सही वजह सामने नहीं आई है. लेकिन बताया जा रहा है कि कोहरे और सड़क पर फिसलन की वजह से यह हादसा हुआ है. उधर, बस के कागज और परमिट पूरी तरह से वैध पाया गया है. दोपहर तीन बजे यह हादसा हुआ था और हरिपुरधार बाजार से 100 मीटर पहले यह बस खाई में गिर गई. चौंकाने वाली बात है कि इस 39 सीटर बस में कुल 66 लोग सवार थे और बस पूरी तरह से ओवरलोड थी. रिपोर्ट के अनुसार, हादसे वाली जगह पर सड़क की हालत अच्छी नहीं थी और ना ही किनारे पर पैराफिट थे. आशंका है कि पाला पड़ने के कारण सड़क पर पानी भी जमा था और फिर कीचड़ से बस फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी.

रिपोर्ट के अनुसार, करीब 3 बजे यह हादसा हुआ था. क्षेत्रीय परिवहन विभाग की अधिकारी सोना चंदेल ने बताया कि बस के सभी दस्तावेज सही थे और 8 जुलाई 2029 तक का वैध परमिट था. वहीं, बस की फिटनेस 14 फरवरी 2026 तक है और इश्योरेंस भी 12 फरवरी 2026 तक थी. उन्होंने बताया कि 39 सीटर यह बस थी. दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों जांच के लिए टीम मौके पर भेजी गई है.

सोलन अस्पताल में घायलों का हालचाल जानने पहुंचे स्वाथ्य मंत्री धनी राम शांडिल ने कहा कि कई घायलों की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया जा रहा है. हादसे के कारणों पर कर्नल शांडिल ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी. उन्होंने निजी बसों में ओवरलोडिंग पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि इसमें क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार थे.

हिमाचल में बस हादसे में मारे गए लोगों की लिस्ट.
मंत्री ने कहा कि त्योहारों के मौसम में भी यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और भविष्य में इस तरह की लापरवाही रोकने के लिए राज्य स्तर पर सख्त दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे. गौरतलब है कि सिरमौर में माघी का त्यौहार भी अब शुरू हुआ है और वीकएंड, लोहड़ी समेत चार छुट्टियों की वजह से भी लोग घरों को लौट रहे थे. स्वास्थ्य मंत्री ने माना कि बस ओवरलोड थी और इसमें 50 से अधिक लोग सवार थे.

बस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हुई है, इनमें पिता-पुत्र, छह माह की बच्ची और ड्राइवर समेत अन्य लोगों की मौत हुई है. अहम बात है कि हादसे में 7 महिलाओं और दो बच्चों की भी जान चली गई है. एक मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है और बाकी सभी 13 शवों की पहचान हो गई है. मतृक सिरमौर जिले के कुपवी और आसपास के इलाकों के ही रहने वाले हैं.

नाहन मेडिकल में घायलों का हाल जानने पहुंचे परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज नाहन पहुँचकर हरिपुरधार बस हादसे में घायल एवं उपचाराधीन यात्रियों का कुशलक्षेम जाना. इस हृदयविदारक दुर्घटना में 14 लोगों की दुःखद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है. प्रशासन तत्परता से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है तथा घायलों को हर संभव बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना करते हैं. उधर, हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गाधी, प्रियंका गांधी, सीएम सुक्खू, पूर्व सीएम जयराम ठाकुर समेत कई नेताओं ने दुख जताया है.