मंडी: शहर के सैण मुहल्ले में एक पति ने पत्नी पर पहले तेजाब फेंका और बाद में उसे छत से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। महिला तेजाब से बूरी तरह से झुलस गई है और उसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। महिला की पहचान 41 वर्षीय ममता पत्नी नंदलाल के रूप में हुई है। यह परिवार मूलतः मंडी जिला के धर्मपुर का रहने वाला है और मंडी शहर के सैण मुहल्ले में रहता है।
महिला का पति मंडी शहर में चाय की दुकान चलाता है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। शनिवार शाम को दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया और पति ने तैश में आकर अपनी पत्नी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे उसका आधा शरीर बूरी तरह से झुलस गया है। पड़ोसियों को जैसे ही घटना का पता चला तो उन्होंने घायल महिला को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया। जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। इस दंपति की 16 साल की बेटी और 18 साल का बेटा है।
एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वे खुद मौके पर गए थे और महिला के आरोपी पति को घर से ही हिरासत में ले लिया गया है। तेजाब कहां से लाया गया और फेंकने के पीछे का असली विवाद क्या है, इन सब बातों को लेकर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।