हिमाचल में मौसम का बदला मिजाज, तेज धूप के बीच 6 डिग्री गिरा तापमान

शिमला। प्रदेश में दिन में तेज धूप के बावजूद अधिकतम तापमान में एक से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट कुकुमसेरी में 6.5 डिग्री सेल्सियस की आई है, जबकि अन्य स्थानों पर एक से डेढ़ डिग्री तक की गिरावट आई है।

मौसम विभाग ने 21 नवंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। इससे आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में और ज्यादा गिरावट आने का अनुमान है। प्रदेश में सबसे कम तापमान लाहुल स्पीति के ताबो में -6.6, कुकुमसेरी में -4.1 और केलंग में -2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शिमला व कसौली में शुक्रवार की रात अन्य स्थानों के मुकाबले गर्म रही। शिमला का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ नौ डिग्री पहुंच गया, जबकि कसौली में 1.6 डिग्री की वृद्धि के साथ 11.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में शुक्रवार की सबसे गर्म रात पांवटा साहिब में 12 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ दर्ज की गई।

नेरी में 11.7, धर्मशाला में 9.8 और देहरा में नौ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए मनाली-लेह मार्ग 20 नवंबर तक आधिकारिक रूप से बंद कर दिया जाएगा।