चंबा : चुराह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जुंगरा के गांव शहवा में देर शाम एक विवाह समारोह के दौरान बड़ा हादसा घट गया. मिट्टी से बने पारंपरिक घर की छत पर करीब 100 से अधिक लोग नृत्य कर रहे थे कि अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा धड़ाम से नीचे गिर गया. हादसे में लगभग 25 लोग मलबे में दब गए.
स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण सभी घायलों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तीसा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. अधिकतर लोगों को हल्की चोटें आई हैं और किसी तरह की गंभीर क्षति की सूचना नहीं है.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक हंसराज तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने तीसा अस्पताल जाकर घायलों का कुशलक्षेम पूछा तथा चिकित्सकों को बेहतर एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और सभी सुरक्षित हैं. स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है .