Himachal Pradesh Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जिले के हरिपुरधार में एक निजी बस खाई में गिर गई इस हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई है. बताया जा रहा है कि इस बस में करीब 35 लोग सवार थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ लोग बस की छत पर भी सवार थे. आशंका है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है. इस हादसे में कई लोगों के गंभीर रूस से घायल होने की भी खबर है. घायलों को बस से निकाला जा रहा है. ये निजी बस किपवी से शिमला जा रही थी.
इस हादसे को लेकर एसपी सिरमौर निश्चिंत नेगी ने बताया कि ये हादसा जिले में हरिपुरधार में हुआ है. ये निजी बस कुपवी से शिमला जा रही थी. एसपी ने बताया कि बस अनियंत्रित होकर सड़के से निचे गिर गई, इस हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई है. इस दौरान उन्होंने आशंका जताई की मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है. राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है. इस हादसे में कई लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस और बचाव कर्मी मौके पर पहुंचे हैं.
हादसे पर सीएम सुक्खू ने जताया दुख
इस हादसे पर हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुख जताया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम ने लिखा कि सिरमौर जिले के हरिपुरधार के पास हुए अत्यंत दुखद बस हादसे की सूचना से मन व्यथित और पीड़ा से भर गया है. सीएम ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्राण गंवाए, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और शोकाकुल परिवारों के साथ मेरी पूरी सहानुभूति है. सीएम ने कहा कि जिला प्रशासन को मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता देने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को सहायता मिल सके. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत की आत्माओं को शांति मिले, परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति मिले और सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो. हम सभी इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं.