हिमाचल में प्रेमिका से मिलने आए हरियाणा के युवक को लोगों ने बेरहमी से पीटकर मार डाला

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिला के बंजार थाना के तहत गाड़ागुशैणी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी की स्थानीय लोगों ने बेहरमी से पिटाई कर हत्या कर दी है। युवक की पहचान 22 वर्षीय दीपक कुमार झा निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। इसका अपहरण कर बेरहमी से पिटाई की गई, इसके बाद कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

टैक्सी से निकालकर पीटे दोनों
छह जनवरी को दीपक चंडीगढ़ से टैक्सी में आया था। गाड़ागुशैणी पहुंचने पर कुछ लोगों ने सड़क पर उसकी टैक्सी रोक ली। आरोप है कि दीपक के साथ तब उसकी प्रेमिका भी थी, जिन्हें जबरन बाहर निकालकर भीड़ ने लाठी-डंडों से जमकर पीटा। मारपीट के बाद युवती को जबरन अपने साथ गांव ले जाया गया, जबकि दीपक को उसकी टैक्सी में बैठाकर भगा दिया गया।

दोबारा युवती से मिलने पहुंच गया दीपक
अगले दिन सात जनवरी को जब दीपक युवती को वापस लाने के लिए दोबारा गाड़ागुशैणी पहुंचा, तो वहां दो बाइकों पर सवार लोगों ने उसे घेर लिया। इस दौरान उन्होंने दीपक को उसकी टैक्सी सहित जबरन गाड़ागुशैणी ले जाकर फिर से बेरहमी से पीटा। पीड़ित के अनुसार आरोपित आपस में सचिन और बिट्टू नाम लेकर एक-दूसरे को पुकार रहे थे।

अस्पताल में तोड़ दिया दम
मारपीट इतनी क्रूर थी कि दीपक की हालत गंभीर हो गई। बाद में आरोपितों ने उसे उसकी ही टैक्सी में डालकर वहां से भगा दिया। इसके बाद उपचार के दौरान कुल्लू अस्पताल में दीपक कुमार झा की मौत हो गई, जिससे मामला हत्या में तब्दील हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज की तेज की जांच
घटना की सूचना 112 हेल्पलाइन पर दी गई, जिसके आधार पर थाना बंजार में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने धारा 126(2), 115(2) व 3(5) बीएनएस सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशन ने की है।