कौन है गैंगस्टर अमन भैंसवाल? जिसे अमेरिका से लाया गया भारत, हरियाणा पुलिस ने किया गिरफ्तार

चंडीगढ़: हरियाणा के भगोड़े गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक प्रमुख सदस्य अमन कुमार उर्फ अमन भैंसवाल को अमेरिका से भारत लाया गया है। हरियाणा पुलिस की एसटीएफ उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह वर्ष 2025 के बाद हरियाणा के लिए किसी भगोड़े अपराधी की छठी सफल वापसी है। वहीं अमेरिका की एजेंसियों की मदद से किया गया यह दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन है।

कौन है अमन भैंसवाल
अमन भैंसवाल हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में हत्या, हत्या के प्रयास, उगाही, फायरिंग और अवैध हथियार रखने जैसे कुल 10 गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। वह सोनीपत, रोहतक, झज्जर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में फैले एक संगठित आपराधिक नेटवर्क का संचालन कर रहा था। भैंसवाल 20 जून 2024 को भारत से फरार हुआ था। उसने पूर्वी दिल्ली के एक पते का इस्तेमाल कर जाली दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया और पहले कुवैत पहुंचा। इसके बाद वह अमेरिका चला गया।

डीजीपी ने दी बदमाशों के चेतावनी
सोनीपत के गोहाना में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पासपोर्ट अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। साथ ही उसके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर जारी किया गया, इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस हासिल किया गया और उसे घोषित अपराधी करार दिया गया। हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने इस गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि बताते हुए अपराधियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि वे देश की सीमाओं के बाहर छिपकर या नकली पहचान अपनाकर कानून से बच सकते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि हरियाणा पुलिस की पहुंच से कोई बाहर नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत में हो या विदेश में, हर भगोड़े को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।