हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को दावा करते हुए केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने के बाद केंद्र सरकार ने राज्य पर कई आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए हैं।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के करसई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा कर रही है, लेकिन केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की तरफ से आर्थिक सहयोग में लगातार अड़चनें डाली जा रही हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार के कार्यकाल में हमीरपुर की पूरी तरह अनदेखी की गई। क्षेत्र के तीन विधायक होने के बावजूद किसी को भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई। सुक्खू के आरोपों के बाद हिमचाल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पलटवार करते हुए कहा कि सुक्खू दिनभर झूठे दावे करते रहते हैं और अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए झूठी कहानियां गढ़ते हैं।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं भी कीं। सुक्खू ने कहा कि मंजहली में पटवार सर्कल और स्वास्थ्य उपकेंद्र खोला जाएगा। इसके साथ ही महिला मंडलों को ₹1 लाख की अनुदान राशि और 100 कुर्सियां भी दी जाएंगी। सु्क्खू ने ऐलान करते हुए कहा कि प्रत्येक महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए ₹10 लाख का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही मंजहली पंचायत की सड़कों के सुधार कार्यों के लिए ₹50 लाख पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है। सुक्खू ने कहा कि सरकार का मकसद हर पंचायत तक विकास पहुंचाना है और महिलाओं को सशक्त बनाना उसकी प्राथमिकता में शामिल है।