शिमला: महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 जीतने वाली टीम का हिस्सा रही हिमाचल की रेणुका ठाकुर आज अपने गांव पहुंचेंगी. रेणुका ठाकुर हिमाचल में शिमला स्थित रोहड़ू के पारसा गांव की रहने वाली हैं. रेणुका सुबह 10 बजे सबसे पहले हाटकोटी में पूर्जा-अर्चना करेंगी. उसके बाद प्रशासन की ओर से एसडीएम कार्यालय सभागार में उन्हें सम्मानित किया जाएगा. उनके स्वागत के लिए एक कार्यक्रम भी रखा गया है.
इसके बाद रेणुका ठाकुर अपने गांव पारसा पहुंचेंगी. उनके गांव में उनके स्वागत की तैयारियां चल रही हैं. रोहडू में सवर्ण समाज संगठन भी रेणुका के स्वागत की तैयारियों में जुटा है. इस दौरान रेणुका ठाकुर अपने फैन्स और स्थानीय जनता का अभिवादन भी स्वीकार करेंगी. रेणुका ठाकुर के घर पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है.
पीएम मोदी ने की थी रेणुका और उनकी मां की तारीफ
विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम ने पीएम मोदी से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने रेणुका ठाकुर उनकी माता की तारीफ भी की थी. उन्होंने कहा था कि ‘मैं आपकी माता जी को विशेष रूप से प्रणाम करना चाहता हूं. इतनी कठिन जिंदगी होने के बाद भी उन्होंने आपकी प्रगति में इतना बड़ा योगदान दिया. अकेले होने के बाद भी इतना सब कुछ किया. एक मां इतनी मेहनत करे और एक बेटी के लिए करे ये बहुत बड़ी बात है. मेरी तरफ से उन्हें जरूर प्रणाम करना’
विश्व कप में किया शानदार प्रदर्शन
रेणुका ठाकुर ने छह मैचों में कुल तीन विकेट ही झटके हैं. लीग मैचों में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने दो और बांग्लादेश के खिलाफ एक विकेट चटकाया था. देखने में ये प्रदर्शन साधारण लग सकता है, लेकिन उन्होंने एकदम किफायती गेंदबाजी की है. लीग मैचों में पाकिस्तान के खिलाफ भी 10 ओवर में सिर्फ 29 रन दिए थे. ऐसे ही इंग्लैंड के खिलाफ 8 ओवर में 37 रन दिए थे. लीग मुकाबले में रेणुका ने न्यूजीलैंड टीम की कप्तान को बोल्ड कर भारतीय टीम की जीत का रास्ता पक्का कर दिया था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था, लेकिन उन्होंने बहुत टाइट गेंदबाजी की थी. हाई स्कोरिंग मैच में उन्होंने 8 ओवर में सिर्फ 4.9 की इकॉनमी रेट से सिर्फ 39 रन ही खर्च किए थे. फाइनल में भी जब साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज दूसरे गेंदबाजों पर जमकर रन बना रहे थे उस समय भी रेणुका ठाकुर ने कसी हुई गेंदबाजी की 8 ओवर में मात्र 28 रन खर्च किए. उनका इकॉनमी रेट 4 से भी कम रहा ऐसे में रनों के लिहाज से देखे तो ये शानदार प्रदर्शन ही माना जाएगा.