कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के पालमपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। पालमपुर की बंदला पंचायत के छिड़ चौक से कुछ दूरी पर अनियंत्रित बोलेरो जीप करीब 500 फीट न्यूगल खड्ड में गिरने से दो युवकों की मौत व एक युवक गंभीर घायल हो गया। भारी बारिश के बीच चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन सीधे ही गहरी खाई में जा गिरा।
एक ही गांव के दो युवकों की मौत
हादसे में 23 वर्षीय अभय उर्फ अब्बू पुत्र कुशल कुमार और 27 वर्षीय निशांत पुत्र सतीश कुमार निवासी बंदला की मौत हो गई। इसके अलावा वरुण उर्फ बन्नू पुत्र अशोक कुमार निवासी बंदला घायल है। अभय वाहन चालक था और वह ही ड्राइवर कर रहा था।
घायल युवक पालमपुर से टांडा रेफर
गंभीर रूप से घायल युवक को सिविल अस्पताल पालमपुर में प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर किया गया है। घायल वरुण रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट में कार्यरत है। वहीं, मृतकों का पोस्टमार्टम हो रहा है।
कैसे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात लगभग 11 बजे सौरभ वन विहार मार्ग पर छिड़ चौक से थोड़ा आगे भारी बारिश के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। इसमें पालमपुर से आ रहे चालक सहित अन्य दो लोग भी सवार थे।
बंदला में पसरा शोक
युवकों के निधन से इलाके में शोक की लहर है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने भी अस्पताल का दौरा कर मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।