ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस ने एक निजी होटल से 37 वर्षीय युवती को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती एमबीए पास बताई जा रही है और मूल रूप से चंबा जिले की रहने वाली है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) के प्रभारी सुनील संख्यान के नेतृत्व में मंगलवार देर रात की गई कार्रवाई में पुलिस को यह अहम सफलता मिली। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने होटल में दबिश दी, जहां एक युवती ने कमरा ले रखा था। तलाशी के दौरान उसके हैंड बैग से करीब 11.22 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
चंबा के डलहौजी की रहने वाली है आरोपी महिला
जानकारी के अनुसार, टाहलीवाल के एक होटल में नेहा नाम की महिला ने कमरा लिया हुआ था जिसके कमरे की चेकिंग के दौरान उसके हैंड किट से चिट्टे की एक बड़ी खेप प्राप्त हुई। चिट्टे का वजन 11.22 ग्राम था। महिला चंबा के डलहौजी की रहने वाली बताई जा रही है। जो पंजाब से उक्त खेप लाकर ऊना में किसी को बेचने की फिराक में थी । प्राथमिक पूछताछ में महिला का नाम नेहा मेहता पुत्री प्रेमनाथ निवासी डलहौजी पाया गया जो अपने आपको एमबीए पास होना बता रही है। महिला आरोपी चिट्टे की उक्त खेप कहां से खरीद कर लाई है और ऊना मे इसका नेटवर्क किसके साथ है पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी हुई है।