हिमाचल में एक और मर्डर, भरमौर में 31 साल के युवक की हत्या, आरोपी मां और बेटा गिरफ्तार

चंबा. हिमाचल प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. प्रदेश में मर्डर की घटनाओं में काफी इजाफा हुआ है. अब ताजा मामला चंबा जिले का है. यहां पर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी मां और बेटे को गिरफ्तार किया है. जमीन विवाद में मारपीट में 31 साल के युवक की जान चली गई थी. पुलिस ने अब आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा भी जोड़ी थी.

जानकारी के अनुसार, चंबा जिले के भरमौर के घरेड़ गांव में 22 नवंबर को जमीन विवाद पर दो पक्ष भिड़ गए थे. इस दौरान मारपीट में संजीव कुमार (31) घायल हो गया था और कांगड़ा के टांडा अस्पताल में उसकी तीन दिन बाद मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में आरोपी लक्की कुमार और मां झुणको देवी को गिरफ्तार कर लिया. उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. नूरपुर से आई फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.

पड़ोसियों से हुआ था विवाद
संजीव कुमार और पड़ोसियों के साथ जमीन को विवाद हुआ था. संजीव को बेसुध हालत में भरमौर अस्पताल से चंबा मेडिकल कॉलेज और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था.

सोमवार को हुई मौत
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि टांडा मेडिकल कॉलेज में संजीव की मौत हो गई है. अब संजीव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है. संजीव की भाभी ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी थी. उधर, मंगलवार को आरोपीय मां बेटे को कोर्ट में पेश किय़ा जाएगा.