1000 रोगी मित्रों की भर्ती और आपदा में घर टूटने पर 8 लाख रुपये, सुक्खू कैबिनेट में हुए सभी फैसले जानिये

शिमला. हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की मीटिंग सोमवार शाम को शिमला में हुई. इस मीटिंग में आपदा प्रभावितों को सुक्खू सरकार ने फिर राहत दी है. आपदा राहत के विशेष पैकेज में सुक्खू सरकार ने मुआवजा राशि में बढ़ौतरी की है. आपदा प्रभावित परिवारों को घरेलू सामान के नुकसान की भरपाई के लिए मिलने वाली 70 हजार रूपए की धनराशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये करने का निर्णय लिया है.

साथ ही आग लगने की स्थिति में पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 7 लाख रुपये का विशेष सहायता पैकेज प्रदान करने का महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया है, इसके अलावा 1 लाख रूपए घरेलू सामान की खरीद के लिए दिए जाएंगे. सोमवार को राजधानी शिमला में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस फैसले को मंजूरी दी गई. विशेष राहत पैकेज के तहत अब आपदा प्रभावितों को कुल 8 लाख रूपए की मुआवजा राशि मिलेगी. कैबिनेट बैठक में कुल 64 एजेंडा आइटम पर चर्चा हुई. इस दौरान प्रदेश में आपदा की स्थिति के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए वायुसेना को 4.32 करोड़ रुपये स्वीकृति किए गए. मंत्रिमंडल ने राज्य में पंचायतों के पुनर्गठन का भी निर्णय लिया.

बैठक में मनरेगा के तहत 150 दिनों का रोजगार उपलब्ध करवाने का भी फैसला लिया गया है. व्यक्तिगत कार्यों के अंतर्गत रिटेनिंग वॉल निर्मित करने के लिए दो लाख रुपये तक की राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया.

मंत्रिमंडल ने स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर रोगी-सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग में 1000 रोगी मित्रों की नियुक्ति को मंजूरी दी. इसके अलावा कैबिनेट ने पुलिस विभाग में कांस्टेबल के 800 पदों के सृजन के साथ इन्हें भरने को स्वीकृति प्रदान की है. सोलन जिला के कंडाघाट और सिरमौर जिला के राजगढ़ में उप-अग्निशमन केंद्र खोलने के साथ-साथ 46 पद सृजित कर इन्हें भरने और 4 फायर टेंडर खरीदने को मंजूरी दी गई.

जल शक्ति और लोक निर्माण विभाग में 150 कनिष्ठ अभियंता (सिविल) को जॉब ट्रेनी के रूप में भरने का निर्णय लिया गया है.

बैठक में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर में 9 सुपर स्पेशियलिटी विभागों के सृजन और 73 पदों (प्रोफेसर, सहायक प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट) के सृजन और भरने को स्वीकृति दी गई.

मंत्रिमंडल ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, जिला कांगड़ा में सुपर स्पेशियलिटी विभाग के लिए 27 सीनियर रेजिडेंट के पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया है. मंडी जिला के लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में नई पुलिस पोस्ट खोलने और आवश्यक पदों के सृजन और भरने की मंजूरी प्रदान की गई. बैठक में पुलिस विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के 5 पदों का सृजन और भरने का निर्णय लिया गया. धर्मशाला स्थित क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (नॉर्थ रेंज) में डिजिटल फॉरेंसिक सुविधा के लिए 5 पदों का सृजन और भरने को स्वीकृति दी गई.