हिमाचल में भाजपा विधायक ने किया चक्का जाम, वजह जान रह जाएंगे हैरान

चंबा: हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा जमीनी स्तर पर एक्टिव मोड में नजर आ रही है. इसी कड़ी में भरमौर से भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने रविवार को चंबा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर चक्का जाम कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.

सड़क की खराब हालत पर फूटा गुस्सा
विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए की हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिससे सफर करना जोखिम भरा बन गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार मुद्दा उठाने के बावजूद सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है. स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदा के दौरान इस हाईवे को भारी नुकसान पहुंचा था. कई हिस्से बह गए थे और करीब 20 दिनों तक मार्ग पूरी तरह बंद रहा. इसके बाद मार्ग को अस्थायी रूप से बहाल तो किया गया, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है.

मणिमहेश यात्रा भी हुई प्रभावित
विधायक ने कहा कि इस सड़क की खराब स्थिति का असर धार्मिक गतिविधियों पर भी पड़ा है. 2025 में मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यह मार्ग चंबा जिले की लाइफलाइन माना जाता है, लेकिन इसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही है.

विधानसभा में भी उठा चुके हैं मुद्दा
डॉ. जनक राज ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया है और सरकार से तत्काल मरम्मत की मांग की थी. उन्होंने कहा कि पठानकोट-चंबा-भरमौर मार्ग हजारों लोगों की रोजमर्रा की जरूरत है, लेकिन इसके बावजूद इसे नजरअंदाज किया जा रहा है.

सरकार को दी चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी विधायक के साथ सड़कों पर उतरे. हाईवे पर “हाय सरकार” जैसे नारों के बीच जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ. लोगों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की. विधायक ने साफ कहा कि अगर जल्द सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले समय में और बड़े आंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता अब चुप नहीं बैठेगी और अपनी सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी.