शिमला: शातिर लोगों को अब क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर इन्वेस्ट करने के झांसे में फंसा कर चूना रहे हैं। प्रदेश में साइबर ठगों ने क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर इन्वेस्टमेंट कराने के झांसे में फंसाकर कई लोगों को ठगा है। क्रिप्टो करंसी ठगी के नाम पर ठगने को लेकर शिकायतें साइबर सैल ने दर्ज की हैं। साइबर सैल शिमला की ओर से क्रिप्टोकरेंसी ठगी से बचने के लिए एडवाईजरी जारी की है। एसपी साइबर क्राइम रोहित मालपानी ने बताया कि वर्तमान में यह देखने में आया है कि काफी हिदायत देने के बाद भी लोग बिना किसी जानकारी व बिना किसी जांच के क्रिप्टोकरंसी में इन्वेस्ट करना शुरु कर देते हैं और अप्रमाणित एक्सचेंज और क्वाईन के झांसे में फंस जाते हैं।
एसपी ने बताया कि साइबर ठग लोगों से ठगी हुई राशि का दुरुपयोग साइबर अपराधी डार्क वेब पर अवैध गतिविधियों हेतु भी कर रहे हैं। इसकी गुमनामी और ट्रेसिंग में कठिनाई अपराधियों के लिए इसे सुविधाजनक बनाती है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में विभिन्न स्थानों से क्रिप्टोकरंसी से संबधित शिकायतें 1930 के माध्यम से प्राप्त हुई हंै। एसपी साइबर क्राइम रोहित मालापानी ने कहा कि क्रिप्टो में नवेश करते समय सावधानी बरतें और केवल प्रामाणिक और लाइसेंस प्राप्त एक्सचेंजों पर ही लेन-देन करें। उन्होंने बताया कि बिना केवाईसी वाले या अत्यधिक रिटर्न का वादा करने वाले प्लेटफॉर्म से बचें। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना साइबर हेल्प लाईन 1930 पर दें। यदि आपको किसी प्रकार की धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग या अवैध क्रिप्टो लेन-देन की जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी साइबर क्राइम थाने या हेल्पलाइन पर रिपोर्ट करें।
उन्होंने कहा कि फर्जी स्कीमों से सावधान रहें। जैसे सोशल मीडिया पर आने वाले पैसा डबल करने, इनाम या ट्रेडिंग स्कैम्स से दूर रहें। उन्होंने कहा कि किसी अनजान लिंक या ऐप के माध्यम से क्रिप्टो लेन-देन न करें। उन्होंने कहा कि डार्क वेब गतिविधियों में शामिल होना अपराध है। डार्क वेब या अनधिकृत माध्यमों से क्रिप्टो खरीदना, बेचना या वहां सक्रिय रहना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। एसपी साइबर क्राइम रोहित मालपानी ने बताया कि पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है, जिसमें ब्लॉकचेन लेन-देन पर एआई आधारित निगरानी और विशेष टास्क फोर्सेस द्वारा डार्क वेब पर निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय भी किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि आप क्रिप्टोकरेंसी का प्रयोग करते हैं, तो सुरक्षा और वैधता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। किसी भी संदेहजनक गतिविधि की सूचना तुरंत दें।