कार से हिमाचल में बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट, पुलिस ने काट दिया 18500 का चालान, वीडियो हुआ वायरल

मंडीः रील बनाने के चक्कर में एक युवक ने फोरलेन पर ऐसा स्टंट किया कि उससे न सिर्फ उसकी अपनी जान खतरे में आ सकती थी. बल्कि दूसरों की जिंदगियों के साथ भी खिलवाड़ हो सकता था. मामला कीतरपुर-मनाली फोरलेन पर सुंदरनगर उपमंडल के तहत आने वाले हराबाग का है. यहां एक ऑल्टो कार चालक द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो के वायरल होने के बाद सुंदरनगर थाना पुलिस हरकत में आई और वाहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18,500 रुपये का चालान काटा है.

बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट
ट्रैफिक के बीच सार्वजनिक सड़क पर किए गए इस स्टंट में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई. वायरल वीडियो में चालक तेज रफ्तार और स्टंट करते हुए दिख रहा है जबकि उसका एक अन्य साथी वीडियो बनाता हुआ भी दिखाई दे रहा है. स्टंट के दौरान एक जीप चालक भी अपना बचाव करता हुआ नजर आ रहा है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी अज्ञात व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया और तत्काल जांच शुरू की गई.

पुलिस ने काटा 18,500 का चालान
जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत वाहन का 18,500 रुपये का चालान किया गया. एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर वाहन चालक की पहचान की जा रही है. नियमों के उल्लंघन व लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर आगे भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए इस तरह की खतरनाक हरकतों से दूर रहें, क्योंकि एक पल की लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है.