मंडी। हिमाचल प्रदेश पुलिस की जल्दबाजी एक सैनिक के लिए परेशानी का सबब बन गई। चालान काटने में हुई एक अंक की गलती के कारण स्कूटी के स्थान पर कार का चालान कट गया, जबकि संबंधित कार तीन वर्ष से चंडीगढ़ में खड़ी है। मामले से आहत जवान ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई है और चालान रद करने के साथ जिम्मेदार कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मंडी जिले के दुदर निवासी हरीश कुमार भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में चंडीगढ़ में सेवाएं दे रहे हैं। उनकी कार (एचपी 33ई-5649) भी चंडीगढ़ में ही खड़ी है।
चालान देखकर रह गए हैरान
22 जनवरी को हरीश कुमार को ओवरस्पीड का चालान कटने का संदेश मिला। संदेश देखकर वह हैरान रह गए क्योंकि चालान हमीरपुर जिले के भूंपल क्षेत्र का था, जहां उनकी कार गई ही नहीं थी। चालान की जांच करने पर सामने आया कि फोटो कार की नहीं, बल्कि एक स्कूटी की थी।
फोटो साफ दिख रहा स्कूटी का नंबर फिर भी कर दी गलती
फोटो में स्कूटी का नंबर स्पष्ट रूप से एचपी-33ई-5643 दिखाई दे रहा है, लेकिन पुलिस कर्मी ने जल्दबाजी में 5643 की जगह 5649 दर्ज कर दिया। नंबर बदलते ही सिस्टम में कार का विवरण आ गया और बिना सत्यापन किए स्कूटी की फोटो के साथ कार का चालान जारी कर दिया गया। इस मामले में साफतौर पर चालान काटने वाले कर्मी की लापरवाही सामने आई है।
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पोर्टल पर की शिकायत
हरीश कुमार का कहना है कि यदि वह फोटो और विवरण ध्यान से न देखते, तो उन्हें बेवजह जुर्माना भरना पड़ता। उन्होंने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस चूक पर क्या कार्रवाई करता है।