ऊना में बाइकों की जोरदार टक्कर, दो सगे भाइयों समेत चार युवकों की मौत

शिमला: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत चार युवकों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव और माता बगलामुखी मंदिर से लौट रहे दो बाइक सवार आमने-सामने टकरा गए।

अंब-मुबारिकपुर मार्ग पर कलरूही पुल के पास रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर अवस्था में उपचाराधीन है। हादसा उस समय हुआ जब माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव और माता बगलामुखी मंदिर से लौट रहे दो बाइक सवार आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांचों युवक सड़क पर बुरी तरह गिरकर घायल हो गए। मौके पर हलचल मच गई और राहगीरों ने तुरंत घायलों को सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने आसब खान (19) निवासी अलोह और निखिल निवासी सेक्टर-56 चंडीगढ़ को मृत घोषित कर दिया। शेष तीन घायलों को गंभीर हालत में ऊना और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। लेकिन जख्मों की ताव न सहते हुए आसब के बड़े भाई इमरान (22) ने रात करीब डेढ़ बजे और रोहन (17) पुत्र सुशील कुमार ने सोमवार दोपहर पीजीआई में दम तोड़ दिया। अमित पुत्र किरात निवासी 6414/बी सेक्टर 56 गंभीर रूप से घायल हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे में मरने वाले चारों युवक अलग-अलग जगहों से धार्मिक दर्शन कर घर लौट रहे थे। अलोह गांव के दो सगे भाई आसब और इमरान की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए हैं और आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने लोगों से तेज गति में वाहन न चलाने की अपील की है।

गाय से टकराकर बाइक सवार जख्मी
कलरूही चौक पर लावारिस पशु से टकराने के कारण एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार रविवार रात साढ़े दस बजे अंब मुबारिकपुर मार्ग पर हादसा उस वक्त हुआ जब कलरूही चौक के पास एक बाइक लावारिस गाय से टकरा गई। इस कारण बाइक सवार सुमित पुत्र श्रवण निवासी मधुबनी बिहार जो कि वर्तमान में दौलतपुर चौक में रहता है गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।