नाहन. हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मर्डर हुआ है. यहां पर एक शख्स ने अपनी लिव इन पार्टनर महिला की हत्या कर दी है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और छीनबीन कर रही है. जानकारी के अनुसार, सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के देवी नगर की यह घटना है. आरोपी ने महिला के सिर पर कांच की बोतल से वार किया और उसे मौत के घाट उतार दिया.
बताया जा रहा है कि किराए के मकान में रह रहे एक शख्स ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी. आरोपी की पहचान हरियाणा के रहने वाले शीशपाल के रूप में हुई है. जो कि उत्तर प्रदेश की महिला माला देवी के साथ लिव इन में रहता था. बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह पुलिस को मामले की सूचना मिली थी और उसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है.
महिला के पति की हो चुकी है मौत
घटना के बाद पुलिस को महिला का शव खून से लथपथ हाल में मिला. बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी मौके पर ही था और उसे हिरासत में ले लिया गया है. फॉरेन्सिक टीम ने भी मौके की जांच की है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बताया जा रहा है कि महिला और आरोपी प्रेमी के बीच में काफी वक्त से लड़ाई होती रहती थी. महिला के पति की मौत काफी पहले हो चुकी है और वह बाद में आरोपी के साथ रहने लगी थी.