साहो (चंबा)। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में दोस्त ही दोस्त की जान का दुश्मन बन गया। पहले साथ में खाया पीया और उसके बाद किसी बात को लेकर बहस हो गई, इसके बाद आरोपित ने युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। साहो के पलूही में एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। शव सड़क से नीचे ढांक में पड़ा था। सड़क पर काफी दूर तक खून बिखरा हुआ था। मृतक अजय कुमार पुत्र भवन सिंह गांव सलोडी का रहने वाला था।
पुलिस ने मामले में दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इनमें से एक आरोपित अरुण ने गुनाह कबूल करते हुए बताया कि उसने पत्थर से युवक की हत्या की थी, जबकि दूसरे युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। आरोपित अरुण को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने थाना सदर चंबा में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला दुकानदार रविंद्र सिंह पुत्र गौरी सिंह निवासी गांव व डाकघर पलूही तहसील एवं जिला चंबा के बयान के आधार पर दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता ने बताई सच्चाई
शिकायतकर्ता रविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सात मई की रात अपनी दुकान पर मौजूद था। रात करीब 8.55 बजे बाइक (एचपी-73ए-3592) पर सवार होकर तीन युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। इनमें अजय कुमार पुत्र भवन सिंह निवासी गांव सलोडी, डाकघर पलूही, पंकज कुमार उर्फ मनु पुत्र रमेश कुमार निवासी गांव नौण, डाकघर बरौर तथा अरुण कुमार पुत्र निधिया राम निवासी गांव बलियारा, डाकघर पलूही शामिल थे।
दुकान से खाने पीने का सामान लिया
रविंद्र सिंह के अनुसार पंकज कुमार उर्फ मनु और अरुण कुमार ने दुकान से नमकीन, अंडे और शीतल पेय पदार्थ लिया तथा पैसे बाद में देने की बात कही। तीनों युवक दुकान से करीब 50 मीटर दूर जाकर खाने-पीने लगे और आपस में जोर-जोर से बातें कर रहे थे। 25 से 30 मिनट बाद पंकज कुमार बाइक लेकर वहां से चला गया, जबकि अजय कुमार और अरुण कुमार पैदल अपने घर की ओर निकल गए।
ढांक में मृत मिला युवक
अगले दिन सुबह करीब 7.15 बजे ग्रामीणों ने रविंद्र सिंह को सूचना दी कि उसकी दुकान से करीब 200 मीटर दूर सड़क पर काफी खून बिखरा पड़ा है। मौके जाकर देखा तो 50 से 60 मीटर नीचे ढांक में एक युवक मुंह के बल पड़ा था, जिसके सिर पर गंभीर चोटें थीं और वह खून से लथपथ था। पहचान अजय कुमार पुत्र भवन सिंह निवासी सलोडी के रूप में हुई।
दोस्त ने बताया, हो रही थी बहस
इसके बाद शिकायतकर्ता ने पंकज कुमार को फोन किया। पंकज ने बताया कि रात को अजय कुमार और अरुण कुमार के बीच बहस हो रही थी तथा वह अपनी बाइक लेकर घर चला गया था। पुलिस ने पंकज कुमार उर्फ मनु और अरुण कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। आरोपित अरुण ने गुनाह कबूल कर लिया है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं तथा संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-विजय कुमार सकलानी, पुलिस अधीक्षक चंबा।