शिमला। न्यू ईयर पर हिमाचल प्रदेश घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पर्यटकों के लिए बड़ा एलान कर दिया है। सीएम ने कहा कि हिमाचल पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य लाभ के लिए पर्यटकों को हिमाचल आने का न्योता दिया।
शिमला और कांगड़ा के धर्मशाला में कार्निवाल का आयोजन किया गया है, जहां पर्यटक हिमाचल की संस्कृति के बारे में जान सकेंगे, वहीं यहां स्वच्छ हवा का लाभ भी ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के साथ हिमाचल के लोग शांति बनाए रखें, पर्यटक भी हुड़दंग न मचाएं। पर्यटकों को कोई असुविधा न हो, इसलिए पर्यटन सीजन के दौरान ढाबे व होटल दिन-रात 24 घंटे खुले रहेंगे। बिना खाने के कोई भी पर्यटक नहीं रहना चाहिए।
पर्यटकों के मनोरंजन के लिए कार्निवाल
शिमला में कार्निवाल के दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से बातचीत कर उनके अनुभव भी जाने। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के मनोरंजन के लिए ये कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं।
पर्यटकों को नहीं आने दी जाएगी कोई समस्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटकों को कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। विंटर कार्निवाल शिमला के माध्यम से पर्यटकों को शिमला में आकर्षण के विभिन्न आयाम उपलब्ध करवाए गए हैं। धर्मशाला में भी कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की आर्थिकी को संबल मिलता है।