हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक होटल की खिड़की से गिरकर युवा कांग्रेस नेता की मौत हो गई। सदर थाना बिलासपुर के तहत शहर से चार किलोमीटर दूर जबली स्थित एक निजी होटल नैना में शौचालय की खिड़की से गिरकर युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय अजय कुमार भाटिया निवासी मंडी माणवां बिलासपुर के रूप में हुई है। अजय भाटिया अपने दोस्तों के साथ उक्त निजी होटल में ठहरा हुआ था। सभी दोस्त कमरे में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान अजय शौचालय की ओर गया, जहां खिड़की से नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस होटल में पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। सदर थाना के एसएचओ पुलिस टीम के साथ होटल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जांच के तहत होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिससे गिरने की पुष्टि हुई है।
फोरेंसिक टीम ने भी जुटाए साक्ष्य
इसके अलावा एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं मृतक के स्वजन ने भी किसी प्रकार का कोई संदेह नहीं जताया। अजय कुमार भाटिया युवा कांग्रेस से जुड़ा हुआ था और संगठन में सोशल मीडिया प्रभारी था।
क्या कहते हैं एसपी
उधर, बिलासपुर एसपी संदीप धवल ने बताया कि बाथरूम की खिड़की से गिरने के कारण युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव स्वजन को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।