साफा बांध मोहन यादव ने संभाली स्टीयरिंग, भोपाल में निकला 1101 ट्रैक्टर्स का रेला

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भोपाल के कोकता बाईपास के आरटीओ कार्यालय से करीब 1101 ट्रैक्टरों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान मुख्यमंत्री भी खुद ट्रैक्टर चलाकर रैली में शामिल हुए.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि “सरकार 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है और इसकी शुरुआत ट्रैक्टर रैली से की गई है. कृषि में पहले सिर्फ एक विभाग कृषि विभाग होता था, लेकिन हमने अलग-अलग 16 विभागों को कृषि से जोड़ा है. इन विभागों के साथ मिलकर कृषि को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर लाभकारी, स्थाई, तकनीक आधारित रोजगार सृजन मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा.”

‘कृषक कल्याण वर्ष की शुरुआत’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “हमारे राज्य की कृषि विकास दर 16 फीसदी की दर से बढ़ रही है, तो राज्य को समृद्ध बनाने के लिए किसानों की आय बढ़ाने और लागत घटाने के लिए संकल्प की जरूरत है. रविवार 11 जनवरी को कृषक कल्याण वर्ष की शुरुआत हुई है. संकल्प की पूर्ति का आज पहला दिन है.”

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “साल भर अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से जैसे पिछले साल उद्योग वर्ष के रूप में अलग-अलग संभाग में रीजनल कॉन्क्लेव की थी, इसी तरह पूरे साल अलग-अलग विभागों के जरिए मालवा, बुंदेलखंड जैसे हर क्षेत्रों में किसानों के लिए जो बन सकेगा उससे आगे बढ़कर काम करेंगे. जिला स्तरीय क्लस्टर आधारित विकास को बढ़ावा दिया जाएगा. इसके साथ ही प्राकृतिक खेती, उच्च उत्पादकता, डिजिटल सेवाओं और प्रसंस्करण के जरिए किसानों की आय को बढ़ाया जाएगा.”

यातायात व्यवस्था में हुआ बदलाव

भोपाल शहर में रविवार को बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के आने से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया. रैली के दौरान पब्लिक को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए जंबूरी मैदान और आरटीओ ऑफिस की ओर जाने वाले कई रास्तों पर ट्रैफिक डाइवर्ट किया गया. मोहन सरकार के इस कदम को किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और खेती को मुनाफे का धंधा बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.