Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने एक बार फिर तीखा रुख अख्तियार कर लिया है. मैदानी इलाकों में कोहरे और शीतलहर के डबल अटैक से जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों में घने कोहरे और 6 जिलों में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है. ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और चंबा जिलों में कोल्ड वेव अलर्ट लागू किया गया है. वहीं इन जिलों के साथ-साथ सोलन और सिरमौर में भी घने कोहरे की आशंका जताई गई है. इससे प्रदेश में ठंड और बढ़ने के आसार हैं.
12 शहरों में तापमान माइनस में
कोहरे और शीतलहर के चलते हिमाचल के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. प्रदेश के 12 शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जबकि 14 स्थानों पर पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया.
लाहौल-स्पीति के कुकुमसैरी में तापमान -10.6 डिग्री, ताबो में -8.4, कल्पा में -3.8, मनाली में -1.4 और सोलन में -2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पालमपुर में सामान्य से 5.6 डिग्री की गिरावट के साथ तापमान -0.5 डिग्री तक पहुंच गया. हमीरपुर में पारा 0.7 डिग्री, मंडी में 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अन्य शहरों में भी तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है.
सुबह 10 बजे तक कोहरे का असर
मौसम विभाग ने शिमला, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी जिलों में सुबह 10 बजे तक घने कोहरे की चेतावनी दी है. वाहन चालकों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि कई इलाकों में दृश्यता 100 मीटर से भी कम हो सकती है.
एक हफ्ते तक बारिश-बर्फबारी नहीं
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है. हालांकि कोहरा और शीतलहर का असर लगातार बना रहेगा, जिससे सुबह-शाम और रात के समय ठंड और ज्यादा सताएगी.