Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज रफ्तार पकड़ ली है. बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के लिए आज हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है. हालांकि राहत की बात यह है कि प्रदेश में कल से मौसम करवट लेने वाला है. एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने से आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है.
सामान्य से काफी ज्यादा पहुंचा तापमान
इन दिनों प्रदेश में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है. राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 7.5 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान भी लगभग 5 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है. लाहौल-स्पीति के केलांग में अधिकतम तापमान सामान्य से 11.7 डिग्री ज्यादा बढ़कर 14.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 8.9 डिग्री अधिक दर्ज करते हुए 24.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. किन्नौर के कल्पा में भी पारा 11.2 डिग्री अधिक बढ़कर 21.8 डिग्री दर्ज किया गया. प्रदेश के 13 शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है. इनमें ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
10 मार्च से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो जाएगा. इस दिन ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 11 मार्च को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 12 मार्च को भी मध्यम और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है. इसके बाद 13 और 14 मार्च को ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं.
11-12 मार्च को आंधी-तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने 11 और 12 मार्च को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं लाहौल-स्पीति और किन्नौर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम में इस बदलाव के बाद प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को फिलहाल पड़ रही गर्मी से काफी राहत मिल सकती है.