हिमाचल में 24 घंटे में दूसरा मर्डरः मनाली में महिला की लाश मिली, हाथ और पैर रस्सी से बांधे थे

मनाली. हिमाचल प्रदेश में 24 घंटे में मर्डर की दूसरी घटना सामने आई है. कुल्लू जिले के मनाली में एक महिला की हत्या करने के बाद शव को फेंक दिया गया. शव के हाथ और पांव रस्सी से बांधे हुए थे. फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार, मनाली के जगतसुख की यह घटना है. सोमवार को नेपाली मूल महिला का शव बरामद किया गया था. घटना की सूचना मिलते ही एसपी कुल्लू मदन लाल मौके पर पहुंचे थे.

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही महिला जगतसुख में रहने आई थी और घर में अकेली रहती थी. आशंका जताई जा रही है कि किसी ने लूटपाट के इरादे से महिला का मर्डर किया है. पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल ने बताया कि अज्ञात महिला की हत्या होने की आशंका है. फोरेंसिक टीम भी मौके पर जांच की है.

बिलासपुर में भी महिला की हत्या
गौरतलब है कि इससे पहले, बिलासपुर शहर के पास झारखंड की महिला की हत्या करने के बाद आरोपी पति और देवरों ने उसे सेप्टिक टैंक में बंद कर दिया था औऱ ऊपर से सीमेंट का ढक्कन लगा दिया. आरोपियों ने चार पांच दिन पहले महिला की हत्या की और फिर अपने घर पलामु, झारखंड चले गए. आरोपी यहां पर किराये के मकान में रहते थे.