फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत चार्मवुड विलेज स्थित क्लिफ्टन अपार्टमेंट, इरोज गार्डन में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सोसाइटी की पांचवीं मंजिल में एक अपार्टमैंट में आग लग गई. आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि दर्जन भर से अधिक लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी. आग लगते ही पूरे अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान छठी मंजिल पर लगे एक एसी में ब्लास्ट हो गया, जिससे आग और भी भड़क उठी और स्थिति गंभीर हो गई.
लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, आग के तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी समय लगा, लेकिन राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया, तत्परता से एक बड़ा हादसा होने से बच गया, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है.