जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध की आग दिल्ली से चंडीगढ़ तक पहुंची, पुलिस संभाल रही स्थिति

चंडीगढ़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध की आग चंडीगढ़ तक पहुंच चुकी है। सेक्टर-17 प्लाजा में ट्राईसिटी के कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों का प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और घटना की निंदा। प्रदर्शन में शामिल एक छात्र ने कहा कि जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस बल प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए था।

लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों के साथ हुई कार्रवाई गलत है। लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नीट पेपर लीक का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं ने हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। नीट जैसी परीक्षा का पेपर लीक होना बड़ी बात है। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।