मोहाली। मोहाली की एक युवती को फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर राजस्थान ले जाने और वहां कथित तौर पर बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद मोहाली फेज 8 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मोहाली पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। पुलिस युवती की तलाश के साथ-साथ पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता बलविंदर सिंह कुंभड़ा के अनुसार, पीड़ित युवती इस समय राजस्थान में होने की आशंका है। आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे फिल्मों में काम दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ ले गए और बाद में उसका सौदा कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी तब सामने आई, जब उसी गिरोह के चंगुल से निकलकर एक अन्य युवती मोहाली पहुंची। उसने पीड़ित परिवार से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी साझा की।
परिवार से मांगें डेढ़ लाख रुपए
बलविंदर सिंह कुंभड़ा ने बताया कि मामले की शिकायत पंजाब राज्य महिला आयोग और डीएसपी सिटी-2 को दी गई है। आरोप है कि गिरोह ने वापस लौटी युवती को छोड़ने के बदले उसके परिवार से डेढ़ लाख रुपये की मांग की।
आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार ने खेत और गहने गिरवी रखकर रकम जुटाई और आरोपितों द्वारा बताए गए बैंक खाते में आनलाइन ट्रांसफर कर दी। इसके बाद युवती को राजस्थान से लाकर पहले स्थानीय पुलिस के हवाले किया गया और फिर उसे कुंभड़ा गांव पहुंचाया गया।
मुक्त कराई गई युवती ने बताया कि जिस जगह उसे रखा गया था, वहां कई अन्य युवतियां भी मौजूद थीं। उसे आशंका है कि उन सभी को भी इसी तरह खरीद-फरोख्त के लिए वहां रखा गया था।
वहीं, लापता युवती ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल फोन से अपनी लोकेशन भेजी है। यह जानकारी पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस लोकेशन के आधार पर युवती को सुरक्षित बरामद करने के प्रयास में जुटी है और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।
जांच में जुटा महिला आयोग
उधर, पंजाब राज्य महिला आयोग ने मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए मोहाली पुलिस से कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।