Himachal Weather: हिमाचल के 6 जिलों में कोहरे का अलर्ट, 14 दिसंबर को हल्की बर्फबारी के संकेत

कांगड़ा: Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रदेश के 6 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. इस बीच लाहौल-स्पीति के कुकुमसैरी में तापमान माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले पांच दिन तक भारी बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं. हालांकि 14 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.

शून्य के करीब पहुंचा पारा
कल्पा (0°C), भुंतर (2.6°C), मनाली (2.7°C), रिकांगपियो (2.5°C), बजौर (2.9°C) और बरठी (2.4°C) में तापमान जमाव बिंदु के आसपास पहुंच गया है.

मैदानी इलाकों में ज्यादा सर्द रातें
शिमला का न्यूनतम तापमान 9°C रहा, जबकि ऊना 5.7°C, पालमपुर 5°C, सोलन 3.8°C, कांगड़ा 5.5°C, मंडी 4.3°C, बिलासपुर 4.8°C और हमीरपुर 3.8°C तक गिर चुका है.

इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोलन, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना और मंडी के निचले क्षेत्रों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. सुबह के समय विजिबिलिटी 100 मीटर से कम हो सकती है, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.