बिलासपुर. हिमाचल प्रदेश में चिट्टे की तस्करी लगातार जारी है. सप्लायर तरह तरह के हथकंडे अपना रहे है. वहीं, पुलिस भी तस्करों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है. अब ताजा मामला बिलासपुर जिले का है. जहां पर होटल में नशे का खेल रहा था.
बिलासपुर पुलिस ने होटल पर रेड मारी और फिर तीन युवकों और दो युवतियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने धारा-21, 29 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच कर रही है.जानकारी के अनुसार, 3 मई को बिलासपुर शहर के लखनपुर में होटल बालाजी में तीन युवक और दो युवतियां रुके हुए थे. इस दौरान पुलिस को सूचना मिली तो रेड की प्लानिंग की.पुलिस ने जैसे ही होटल में दबिश दी तो हड़कंप मच गया और आरोपियों के कब्जे से 15.85 ग्राम चिट्टा (हेरोइनः बरामद किया गया. सदर थाना बिलासपुर की टीम ने होटल बालाजी के कमरा-205 में रेड डाली थी.
एसपी बिलासपुर संदीप धंवल ने बताया कि वीरभा, गांव रायपुर सहोड़ा, ऊना, धीरज कुमार गांव बाथू, हरोली, ऊना, अनुज संधु उर्फ अक्षु, गांव बरसंड, गेहड़वीं, झंडूता, बिलासपुर को गिरफ्तार किया. इसके अलावा, अंजली शर्मा, गांव गानवी, तहसील रामपुर, शिमला, पूजा, रिकांगपिओ, किन्नौर को अरेस्ट किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का सेवन करने के साथ-साथ इसे बेचने की फिराक में थे. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 21, 29 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसपी ने बताया कि मामले की आगामी जांच जारी है. उन्होंने कहा कि बिलासपुर पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है.
बीते रोज मिला था 3 करोड़ रुपये का चिट्टा
गौर रहे कि ऊना जिले में बीते रोज तीन करोड़ रुपये की कीमत का एक किलो से अधिक चिट्टा पकड़ा गया था. इस दौरान तीन युवकों को पुलिस ने अरेस्ट किया है.