पंचरुखी (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के पुलिस थाना पंचरुखी के तहत ठंडोल में युवक ने मोबाइल फोन पर लड़की से उलझने के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। मृत युवक की पहचान 26 वर्षीय ज्योति प्रकाश के रूप में हुई है।
ज्योति प्रकाश के स्वजन और गांव की महिलाएं पंचरुखी थाने पहुंच गईं और आत्महत्या के लिए उकसाने पर लड़की की गिरफ्तारी पर अड़ गईं। माहौल बिगड़ता देख डीएसपी पालमपुर को सूचित किया और शव डाक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा भेजा।
गत शाम को ज्योति प्रकाश को उसकी मां सुमना देवी ने खाना दिया। मां के अनुसार इस दौरान बेटे के मोबाइल फोन पर एक लड़की की काल आई और वे दोनों बातें करने लगे। दोनों बातों में उलझते रहे। इस दौरान बात यहां तक पहुंच गई कि लड़की ने ज्योति प्रकाश से कहा कि तू हर बार मरने का नाटक करता है। इसके बाद ज्योति प्रकाश ने तुरंत ही दरवाजा बंदकर कमरे में फंदा लगा लिया।
लड़की ने युवक की मां को फोन कॉल कर बताया
इस दौरान लड़की ने युवक की मां को फोन किया और बताया कि कमरे में देखें ज्योति प्रकाश ने फंदा लगा लिया है। इस पर मां कमरे में पहुंची और देखा कि बेटा फंदे से झूल रहा था।
लड़की पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
मृतक युवक के स्वजन का आरोप है कि लड़की ने फोन पर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाया है। लड़की पर कार्रवाई की मांग के समर्थन में स्वजन और ग्रामीण महिलाएं थाने पहुंची थीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी पालमपुर को सूचित किया और लड़की को भी तलब किया। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवाया और लड़की से पूछताछ कर मामला दर्ज किया है।
दोनों के मोबाइल फोन कब्जे में लिए
पुलिस ने मृत युवक और लड़की के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए हैं। उधर, पंचायत प्रधान ठंडोल बबिता देवी ने बताया कि युवक के फंदा लगाने का मामला पुलिस के पास पहुंचा है और छानबीन जारी है।