ऊना. घर पर शादी की तैयारियां चल रही थी. दो दिन बाद घर पर दुल्हन के लिए बारात आने वाली थी. लेकिन दो परिवारों की खुशियां पलभर में छूमंतर हो गई. क्योंकि सात फेरों से चंद घंटे पहले दुल्हन घर से फरार हो गई. मामला हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का है. बताया जा रहा है कि दुल्हन अपने प्रेमी के साथ भागी है. क्योंकि गांव का ही युवक भी गायब है.
जानकारी के अनुसार, ऊना जिले के अंब के तहत एक गांव में यह मामला घटित हुआ है. यहां पर घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं. हालांकि, मंगलवार को हल्दी की रस्म के दौरान दुल्हन प्रेमी के साथ भाग गई.
बताया जा रहा है कि दूल्हे के घर में पारंपरिक रस्में चल रही थी. इस दौरान शादी को लेकर काफी उत्साह था लेकिन अचानक दुल्हन के भागने से माहौल गमगीन हो गया और शादी समारोह बीच में ही रोक दिया गया. बताया जा रहा है कि युवती का युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था.
घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव का माहौल बन गया. लड़की के परिवार की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. अंब के डीएसपी अनिल पटियाल का कहना है कि अन्य पुलिस थानों को सूचित कर दिया गया है और जल्द ही दोनों को ढूंढ लिया जाएगा.बताया जा रहा है कि लड़की वालों के परिवार को भी बेटी के इस कदम की भनक नहीं थी. ऐसे में परिवार भी सकते हैं. वहीं, लड़की के भागने से दोनों परिवारों की किरकिरी हुई है और इलाके में मामले की खासी चर्चा है.