हिमाचल में बॉलिंग और विकेटकिपिंग को लेकर भिड़े दो दोस्त, तैश में आकर सिर पर मारा बल्ला, नाबालिग की मौत

मंडी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मर्डर हुआ है. खेल के मैदान में कुछ दोस्त क्रिकेट खेल रहे थे, तभी अचानक दो दोस्त बॉलिंग और विकेटकिपिंग को लेकर आपस में उलझ़ गए. एक ने तैश में आकर दूसरे दोस्त के सिर पर लकड़ी के बल्ले से जोरदार प्रहार कर दिया. घायल और बेहोश अवस्था में किशोर को नागरिक अस्पताल सुन्नी ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने उसे आईजीएमसी शिमला रेफर दिया. 8 दिनों तक चले उपचार के बाद बीते रोज किशोर ने दम तोड़ दिया.

पुलिस ने अब बीएनएस की धारा 103 के तहत मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू दी जाएगी. इस घटना में मृतक और आरोपी नाबालिग हैं. नाबालिग आरोपी को जल्द ही बाल न्यायलय में पेश किया जाएगा.

जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर के निहरी क्षेत्र की बीते 1 अप्रैल की यह घटना है. उसी दिन पीड़ित किशोर के परिजनों ने निहरी चौकी में मारपीट का मामला दर्ज कराया था. जिस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2) और 352’के तहत मामला दर्ज किया था. घटना स्थल का दौरा कर पुलिस ने लकड़ी के बल्ले को भी अपने कब्जे में ले लिया है. एसपी मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कानून के अनुसार हत्या व अन्य संबंधित धाराओं के तहत आगामी कार्रवाई अमल में लायी जाएगी. मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई जारी है.