हिमाचल में सिया हत्याकांड जैसी वारदात, छात्रा पर जानलेवा हमला, सिर-चेहरे पर किए वार

शिमला. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट में सिया हत्याकांड जैसा मामला शिमला में भी सामने आया है.यहां पर एक 10वीं की छात्रा पर जानलेवा हमला किया गया है. घायल हालत में छात्रा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. फिलहाल, शिमला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, शिमला के संजौली के बड़फर गांव की यह घटना है. 26 साल के आरोपी युवक ने 10वीं कक्षा की छात्रा पर पत्थर से हमला कर दिया. घायल छात्रा को तत्काल उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

बताया जा रहा है कि बुधवार को छात्रा स्कूल से लौट रही थी और अपने घर के पास पहुंची थी और इस दौरान आरोपी युवक आया और उस पर हमला कर दिया. हमले में छात्रा के सिर और चेहरे पर चोट लगी है. मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया और घायल लड़की को अस्पताल पहुंचाया. इस मामले के बाद स्थानीय लोग गुस्से में नजर आए. खासकर महिलाओं ने बच्चो की सुरक्षा को लेकर सवार उठाए और कहा कि ऐसे तो घरों से बच्चों को बाहर भेजना मुश्किल हो जाएगा.

शिमला के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि मामले को लेक थाना संजौली में एफआईआर दर्ज की गई है और धारा 109, 64, 62, 78, 126(2), 115(2) बीएनएस तथा धारा 18 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.

कौन है आरोपी युवक
पुलिस ने बताया कि 15 साल की छात्रा दोपहर स्कूल से घर लौट रही थी, और आरोपी लड़के ने उस पर पत्थर से वार किया. पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए शिमला के संजौली के ही ढली के रहने वाले आरोपी अक्षय ठाकुर (25) को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है. गौरतलब है कि मंडी जिले के सरकाघाट में 13 अप्रैल को कॉलेज जाते समय एक 19 साल की छात्रा की हत्या एक सनकी ने कर दी थी. आरोपी विकास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है.