शिमला में लैंडस्लाइड, गाड़ियां दबीं: मंडी में एम्बुलेंस पलटी; चंबा में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द; CM का कुल्लू दौरा रद्द, इन जिलों में रेड अलर्ट

शिमला: हिमाचल में लगातार बारिश और भूस्खलन से हालात बिगड़ रहे हैं। मौसम विभाग ने दोपहर 3 बजे तक सिरमौर, बिलासपुर और सोलन में रेड अलर्ट, जबकि ऊना, शिमला, हमीरपुर, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा और मंडी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

चंबा-भरमौर मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन और खराब मौसम के कारण मणिमहेश यात्रा निलंबित है। इस बीच रास्ते में फंसे श्रद्धालुओं का NDRF की टीमें लगातार रेस्क्यू कर रही हैं। आज 830 श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपना कुल्लू दौरा रद्द कर दिया, यहां वह आपदा प्रभावित इलाकों का जायजा लेने वाले थे।

तो वहीं, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर रविवार तड़के एक एम्बुलेंस दवाड़ा के पास 30 फीट गहरी खाई में गिरकर पलट गई। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। साथ ही शिमला के विकासनगर में भी आज ही लैंडस्लाइड हुआ है, जिसमें दो गाड़ियां पूरी तरह मलबे में दब गईं।

आपदा हालात को देखते हुए DC चंबा ने सभी विभागों- PWD, बिजली बोर्ड, जल शक्ति, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, नगर निगम, खाद्य आपूर्ति, स्वास्थ्य, आयुष और राजस्व के कर्मचारियों की रविवार की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उन्हें राहत और बचाव कार्यों में तुरंत जुटने के आदेश दिए गए हैं।

लगातार बारिश से प्रदेश में काफी नुकसान हुआ है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन मंडी के झलोगी के पास बंद हो गया है। शिमला-किन्नौर एनएच भी निगुलसरी और नाथपा पर अवरुद्ध है। प्रदेश में अब तक 3 नेशनल हाईवे समेत 839 सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे आवाजाही के साथ-साथ सेब की ढुलाई भी प्रभावित हुई है।