‘ये देखो गाइज, 10 सेकेंड से बच गए’, हिमाचल में साफ मौसम में दरका पहाड़, भूस्खलन में बाल-बाल बचे टैक्सी वाले

कुल्लू. हिमाचल प्रदेश में तेज धूप और साफ मौसम में पहाड़ दरकने लगे हैं. ताजा मामला कुल्लू जिले का है, जहां पर मणिकर्ण घाटी में मंगलवार सुबह लैंडस्लाइड देखने को मिली है. जानकारी के अनुसार जिले के मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग पर यह लैंडस्लाइड सामने आई, जिसमें टैक्सी चालक बाल बाल बच गए. घाटीगढ़ के पास पहाड़ी से लगातार गिरने के बाद अब मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है. हालांकिस पीडब्ल्यूलीडी की मशीनरी मार्ग की बहाली में लगी हुई है.

जानकारी के अनुसार, जब इस मार्ग से कुछ टैक्सियां गुजर रही थी तो अचानक लैंडस्लाइड होने लगी. हालांकि, चालकों की मुस्तैदी की वजह से कोई हानि नहीं हुई. उधर, भूस्खलन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तीन गाड़ियां रुकी नजर आ रही हैं. टैक्सी चालक ने वीडियो बनाते हुए कहा, ये देखिये गाइज सुबह सुबह हम टैक्सी वाले बच गए. यहां पर लैंडस्लाइड से रोड बंद हो गया. एक टैक्सी चालक कहता है कि 10 सैकेंड से बच गए. अगर रुके नहीं होता तो लैंडस्लाइड की चपेट में आ जाते.

हिमाचल में खिल रही है तेज धूप
शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार दोपहर को अपने बुलेटिन में बताया कि निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में -5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोमवार का सबसे अधिक अधिकतम तापमान हमीरपुर के नेरी में 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है.

हिमाचल में अगले सात दिन का मौसम जानिये
मौसम विभाग ने बताया कि 24 फरवरी से 27 फरवरी तक राज्य के निचले, मध्य और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है. लेकिन 27 और 28 फरवरी को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 28 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं, उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में 27 और 28 फरवरी को हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. उधर मैदानी इलाकों में पूरे सप्ताह मौसम साफ रहेगा.