हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने तीन तहसीलदारों को बड़ा तोहफा दिया है। विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिश पर इन्हें हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) में प्रमोट किया गया है। मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इस प्रमोशन के साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय में भी नई नियुक्ति हुई है।
किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी?
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रमोट होने वाले अधिकारियों में सुमेध शर्मा, गणेश ठाकुर और अनिल कुमार शामिल हैं। प्रमोशन मिलते ही अनिल कुमार को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें मुख्यमंत्री (CM) का डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। वहीं, सुमेध शर्मा और गणेश ठाकुर की तैनाती के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।
सैलरी और प्रमोशन की शर्तें
इन अधिकारियों को पदोन्नति के साथ बेहतर वेतनमान मिलेगा। इन्हें लेवल-18 के तहत 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये मासिक सैलरी मिलेगी। हालांकि, सरकार ने एक शर्त भी रखी है। यह पदोन्नति हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में लंबित याचिकाओं के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगी। कोर्ट में वरिष्ठता को लेकर साल 2008 से 2025 तक के कुल सात मामले चल रहे हैं।
IAS राखिल काहलो ने लिया वीआरएस
प्रशासनिक सेवा से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। आईएएस अधिकारी राखिल काहलो ने अपनी रिटायरमेंट से पहले ही नौकरी छोड़ दी है। वे 31 जनवरी 2026 को रिटायर होने वाली थीं। सरकार ने उन्हें हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) का सदस्य नियुक्त किया है। आयोग में शामिल होने के लिए तकनीकी रूप से उन्हें आईएएस पद से इस्तीफा देना जरूरी था।