हिमाचल में महिलाओं को बड़ा झटका, 1500-1500 रुपये के लिए फिर से भरने होंगे फार्म

शिमला. हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार का चुनावी गारंटी अब तक पूरी नहीं हो पाई है. सरकार ने अब इसमें फिर से बदलाव किया है और महिलाओं को 1500 रुपये पाने के लिए दोबारा आवेदन करना होगा. वहीं, सुक्खू सरकार ने गुरुवार को चंबा के पांगी की महिलाओं को दो किस्तों के रूप में 9 हजार रुपये जारी किए हैं.

दरसअल, सुक्खू सरकार अपने अब तक के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में महज 36 हजार महिलाओं को ही इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1500-1500 रुपये दे पाई है. इस योजना के लाभ के लिए प्रदेश की करीब 8 लाख महिलाओं ने आवेदन किया था. हालांकि, सरकार ने कई बार इस योजना के नियमों में बदलाव किया औऱ अब तक इस योजना का फायदा प्रदेश की अधिकतर महिलाओं को नहीं मिला है.
जानकारी के अनुसार, अब इस योजना में महिलाओं के लिए दो लाख रुपये से कम वार्षिक आय की शर्त लगाई गई है और इस वजह से महिलाओं को दोबारा फार्म भरने होंगे और ऐसे में पहले किए गए आवेदन अब मान्य नहीं होंगे. हालांकि, इस योजना को लेकर हाल फिलहाल में सरकार की तरफ से कोई आदेश नहीं आए हैं.

योजना को जब 2024 में सुक्खू सरकार ने लागू किया था तो महिलाओं को साधारण फार्म पर तहसील कल्याण अधिकारी के पास आवेदन जमा करवाने के लिए कहा गया था और आठ लाख महिलाओं ने आवदेन किया था. हालांकि, बाद में सरकार ने योजना में बदलाव किया और कहा कि अब आवेदन ग्राम ग्राम सभाओं के जरिये भेजे जाएंगे और ग्राम सभा के अनुमोदन के बाद ही 1500 रुपये मिलेंगे.

हालांकि, अब सरकार ने महिलाओं से आय का प्रमाण पत्र भी मांग है और साथ ही बीपीएल कैटेगिरी को भी इसमें जोड़ा जाएगा.समाचार पत्र दैनिक जागरण ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग निदेशक सुमित खिम्टा के हवाले से लिखा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत नए फार्म भरे जाएंगे और महिलाओं को आय प्रमाण पत्र देना होगा. फिलहाल सरकार के आदेशों का इंतजार करना होगा.

अब तक कितनी महिलाओं को मिले 1500
हिमाचल प्रदेश में अब तक 36 हजार महिलाओं को ही 1500 रुपये सरकार दे पाई है. गुरुवार को चंबा के पांगी की 1900 महिलाओं को सरकार ने 9-9 हजार रुपये की राशि जारी की. इससे पहले, बीते साल सीएम सुक्खू ने पांगी जाकर खुद महिलाओं को पैसे आवंटित किए थे.