ऊना। जिला ऊना के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत झलेड़ा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक प्रवासी महिला ने अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार झलेड़ा निवासी प्रवासी महिला बबली का बुधवार सुबह किसी घरेलू बात को लेकर अपने पति के साथ विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसका पति घर से चला गया। इसके कुछ समय बाद महिला और उसके 10 वर्षीय बेटे युवराज ने कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। जब दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी तो आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली।
बेटा पीजीआई चंडीगढ़ रेफर
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में बच्चे को प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
महिला के पति का नहीं चला पता
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आत्मघाती कदम उठाने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। उधर, घटना के बाद से महिला के पति का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। साथ ही महिला के पति की भी तलाश की जा रही है।