शिमला. हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से 4 जिलों में हालात खराब हैं. मंडी, कुल्ल, चंबा और कांगड़ा के कई इलाकों में लोगों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है. आलम यह है कि प्रदेशभर में बीती शाम छह बजे तक दो नेशनल हाईवे सहित 582 रोड बंद थे. उधर, चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईव पर कैंची मोड का हिस्सा धंस गया है. भरमौर से अब तबाही की तस्वीरें सामने आने लगी है और लोग पैदल ही चंबा की तरफ मणिमहेश से आ रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात को भी मंडी और कुल्लू के कई इलाकों में भारी बारिश होती रही है. हालांकि, गुरुवार को धूप खिली है. लेकिन हालात बेहद खराब हो गए हैं. मनाली देश दुनिया से कट गई है. कांगड़ा में पौंग बांध से एक लाख से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है. चंबा में मणिमहेश यात्रा पर गए हजारों लोग फंसे हुए हैं और यहां पर मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह से गायब है.
मणिमहेश में फंसे हजारों लोग
भरमौर स्थित मणिमहेश में लगातार भारी बारिश और भूस्खलन के चलते हालात खराब बने हुए हैं. हिमाचल पुलिस ने बताया कि मणिमहेश में 3000 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं. सभी लोग सुरक्षित हैं और उनकी सेहत ठीक है. इलाके में अभी बिजली और मोबाइल नेटवर्क काम नहीं कर रहे हैं, जिससे लोग अपने परिवार या दोस्तों तक संपर्क नहीं कर पा रहे हैं. बताया कि पुलिस और SDRF लगातार राहत और बचाव का काम कर रहे हैं और फंसे लोगों तक मदद पहुंचा रहे हैं. वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं और अपने परिवार या दोस्तों की खबर लेने के लिए 0177-2621796 या 0177-2621714 पर कॉल कर सकते हैं. राहत बचाव का काम चल रहा है ताकि फंसे हुए लोग जल्द सुरक्षित जगह पर पहुंच सकें.
4 मरीजों को किया गया एयरलिफ्ट
हिमाचल में भारी बारिश के चलते कुल्लू से केलांग जाने वाला सड़क मार्ग पूरी तरह बंद है. जिस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, प्रशासन पूरी तरह से राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है, वहीं रास्ता खराब होने के चलते लाहौल से चार मरीजों को जल्दी अस्पताल पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया गया.
कुल्लू जिले का हाल
भारी बारिश के कारण कुल्लू के बंजार और मनाली उपमंडल में गुरुवार को भी सभी शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं, जबकि कुल्लू उपमंडल में 4 स्कूल बंद किए गए. प्रशासन की विभागीय टीमें मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने में लगातार जुटी हुई है. सैंज और बंजार लगघाटी के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पेयजल और मोबाइल कनेक्टिविटी बाधित है. संपर्क मार्ग बाधित होने और नदी-नालों पर बने कई पुल बह जाने से अधिकांश ग्रामीण इलाकों तक पहुंच मुश्किल हो गई है.40 घंटे बीत जाने के बावजूद राजस्व विभाग की टीमें कई जगहों पर नुकसान का आकलन नहीं कर पाई हैं. जिले के अधिकांश क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति ठप है और कई गांवों में लोगों को पिछले चार दिनों से पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है.
मंडी जिले में कुल्लू सीमा तक नेशनल हाईवे का हाल खराब है. लगातार हाईवे पर लैंडस्लाइड हो रही है. बुधवार को कुछ देर के लिए हाईवे खुला और फिर रात को फिर से बंद हो गया. मंडी के पंडोग डैम के गेट खोल दिए गए हैं औऱ अब पानी नहीं रोका जा रहा है कि क्योंकि यहां पर काफी गाद भर गई है.
चंबा और कांगड़ा के हाल
चंबा में भरमौर में मणिमहेश यात्रा में गए श्रद्धालु फंसे हुए हैं. यहां पर पूरे जिले में कई इलाकों में नेटवर्क गायब है. वहीं, होली के सलून गांव में भूमिक कटाव के चलते 9 घर रावी नदी में समा गए हैं. फिलहाल, भरमौर से एनडीआरएफ की टीमें श्रद्धालुओं को धन्छो से रेस्क्यू कर रही हैं.
Leave a Reply