बद्दी. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के उपमंडल बद्दी में एक पूर्व उप प्रधान पर फायरिंग की गई. हमले में शख्स घायल हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालात गंभीर बनी हुई है. फिलहाल पुलिस भी मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, साईं पंचायत के खाली गांव के निवासी और पूर्व उप प्रधान सोहनलाल पर दोपहर करीब 1:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाकर जानलेवा हमला कर दिया. घटना उस दौरान हुई जब सोहनलाल अपनी कार से साईं की ओर जा रहे थे. इस बीच हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और गोली उनके बाजू में लगी, और वे गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्रारंभिक इलाज के बाद चंडीगढ़ के PGI रेफर कर दिया गया. फिलहाल सोहनलाल की हालत नाजुक बनी हुई है, और डॉक्टरों ने उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा है.
जानकर सूत्रों की मानें सोहनलाल ने करीबन 1 वर्ष पूर्व इंटरकास्ट मैरिज की थी, जिसका विरोध उनकी पत्नी के परिवार ने शुरू से ही किया था. सूत्रों का कहना है कि वे कुछ दिनों पहले ही गांव लौटे थे, और उसी दौरान उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. हमलावर संभवतः पत्नी के रिश्तेदार हो सकते हैं, जो पुरानी रंजिश के चलते इस कदम पर उतर आए. हालांकि, पुलिस ने अभी इस दिशा में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. बरोटीवाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस का कहना है कि हम जांच में कर रहे हैं और CCTV फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है. जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे.” यह घटना बद्दी जैसे औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ी कर रही है, जहां सामाजिक रंजिशें अक्सर हिंसक रूप ले लेती हैं. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, जबकि सोहनलाल के परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है. जांच जारी है, और अपडेट्स का इंतजार है.