हिमाचल के मंडी में दर्दनाक हादसा, सड़क से 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी बोलेरो

करसोग (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। करसोग की पोखी-कटाड़ा सड़क पर शनिवार देर रात बोलेरो गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी सड़क से करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया, लेकिन चालक को बचाया नहीं जा सका।

पोखी से घर की ओर जा रहा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन एचपी-01एम-6470 का चालक डोली राज पुत्र घनश्याम, निवासी गांव कटाड़ा, डाकघर महोग शनिवार रात पोखी से अपने घर कटाड़ा की ओर लौट रहा था। जब वह छला टला के समीप पहुंचा तो अचानक वाहन से उसका नियंत्रण खो गया। देखते ही देखते बोलेरो सड़क से नीचे लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

गाड़ी के परखच्चे उड़ गए
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। देर रात हुए हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अंधेरे के बीच राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

कड़ी मशक्कत से खाई में पहुंचे लोग
कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों ने खाई में उतरकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिलनसार व मेहनती युवक था डोली राज
डोली राज की असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पोखी, कटाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में भी शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बताया कि डोली राज एक मेहनती, मिलनसार और सरल स्वभाव का युवक था, जो सभी के सुख-दुख में शामिल रहता था। उसकी अचानक हुई मृत्यु से गांव के लोग स्तब्ध हैं।

विधायक ने जताया दुख
हादसे पर करसोग के विधायक दीप राज ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

पोखी-कटाड़ा सड़क मार्ग पर एक बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें चालक की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
-चांद किशोर, डीएसपी, करसोग।

क्या रहा हादसे का कारण
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस तकनीकी और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन छानबीन कर रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।