भोपाल में शादी टूटने के बाद भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर; 18 लोगों पर FIR

भोपाल। जबलपुर के मझौली थाना क्षेत्र में एक युवती की शादी टूटने के बाद दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। शुक्रवार रात बीच सड़क पर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले। विवाद के दौरान पथराव किया गया। एक कार में आग लगा दी गई। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

18 लोगों पर FIR दर्ज
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 18 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। थाना क्षेत्र निवासी हर्ष की एक युवती से मित्रता थी। कुछ समय पहले युवती के स्वजन को इसकी जानकारी लग गई थी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी। इस घटना के बाद से हर्ष युवती के परिवार से रंजिश रखने लगा था। हाल ही में युवती का विवाह तय हुआ। आरोप है कि हर्ष ने युवती की कुछ तस्वीरें उसके होने वाले ससुराल पक्ष को भेज दीं। तस्वीरें सामने आने के बाद विवाह टूट गया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया।

संघर्ष के दौरान लाठियों से हमला और पथराव
शुक्रवार रात हर्ष अपने साथियों नरेंद्र, आईला, गणेश, अल्लू, अंशुल, राज, आशुतोष और सत्तू के साथ घूम रहा था। तभी उसका सामना युवती के स्वजन से हो गया। उसे देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर हुए इस संघर्ष के दौरान लाठियों से हमला और पथराव किया गया, जिससे मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई।

इसके बाद हर्ष और उसके साथियों ने युवती पक्ष की कारों में तोड़फोड़ करते हुए एक कार में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को खदेड़कर अलग-अलग किया। फायर ब्रिगेड बुलाई गई जिसकी मदद से जलती कार की आग बुझाई गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।