हिमाचल में आंधी बारिश और ओले गिरने की चेतावनी, कब से कब तक 4 दिन बरसेंगे बदरा?

शिमला: Himachal Pradesh Mausam: हिमाचल प्रदेश में मई महीने में मौसम का बिल्कुल अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। आमतौर पर इस समय मैदानों से लेकर पहाड़ों तक गर्मी बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार पहाड़ी इलाकों में ठंड अभी भी बनी हुई है। हिल स्टेशनों शिमला व मनाली सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोग अब भी गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं, जबकि निचले और मैदानी इलाकों में भी गर्मी का असर सामान्य से कम है। लगातार हो रही बारिश, बादल और ठंडी हवाओं से मौसम कूल-कूल है।

12 मई को 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 10 मई को मौसम साफ रहेगा लेकिन 11 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण फिर से बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर शुरू होगा। 12 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला सहित 5 जिलों में भारी बारिश और तूफान का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

11 मई से ऐक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ
शुक्रवार को भी राजधानी शिमला समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे और कई जगह हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 10 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन यह राहत केवल 2 दिन की होगी। इसके बाद 11 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इससे प्रदेश में फिर मौसम बिगड़ जाएगा।

11 मई को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 11 से 14 मई तक पूरे 4 दिन हिमाचल में खराब मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो 11 और 12 मई को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी 10 जिलों में खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 11 मई को उना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और गरज चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

12 मई को 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 12 मई को मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की चेतावनी दी गई है। 12 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 12 मई को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने 13 और 14 मई को भी अलग-अलग जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कहां-कहां बारिश?
बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश में कई जगह बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 15.5 मिलीमीटर बारिश सराहन में हुई। इसके अलावा रोहड़ू और चौपाल में 5-5 मिलीमीटर, कोटखाई में 3.1 मिलीमीटर, सांगला में 0.2 और कल्पा में 0.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। ताबो में 59 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

कहां कितना तापमान?
न्यूनतम तापमान की बात करें तो लाहौल स्पीति जिला का ताबो सबसे ठंडा रहा जहां पारा 2.9 डिग्री दर्ज हुआ। इसके बाद केलांग में 4.1, कुकुमसेरी में 5.8, कल्पा में 6.2, कुफरी में 8.0, सराहन में 9.7, धर्मशाला में 10.6, मनाली में 10.9, डलहौजी में 11.2 और शिमला में 11.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

वहीं पालमपुर में 14.0, नाहन में 14.3, चंबा में 14.6, भुंतर में 14.7, जुब्बड़हट्टी में 15.1, बरठीं में 15.9, सुंदरनगर में 16.3, मंडी में 17.4, बिलासपुर में 18.0, कांगड़ा में 18.5, देहरा गोपीपुर में 20.0 और पांवटा साहिब में 21 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों और बागवानों की चिंता पहले ही बढ़ा दी है। अपर शिमला के कई इलाकों में ओलावृष्टि से सेब की फसल को नुकसान पहुंचा है, जबकि निचले क्षेत्रों में गेहूं की कटाई और पिसाई का काम प्रभावित हो रहा है। अब आगामी दिनों में फिर से खराब मौसम और अलर्ट की चेतावनी ने किसानों और बागवानों की चिंता और बढ़ा दी है।