हिमाचल में 6 साल के बच्चे को अगवा करने की कोशिश, लोगों ने आरोपी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

देहरा। बस अड्डा देहरा पर वीरवार शाम छह साल के बच्चे को अगवा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। बस चालक की सूझबूझ से समय रहते आरोपित को पकड़ लिया गया। पुलिस ने इस संबंध में हरियाणा निवासी दो लोगों को पकड़ा है। घटना शाम करीब सवा चार बजे की है।

ज्वालामुखी की ओर से आई एक बस में लगड़ू निवासी महिला छह साल के बेटे के साथ सवार थी। देहरा बस अड्डे पर बस रुकी तो वह बेटे को बस में छोड़कर कुछ सामान लेने गई। इसी बीच चालक ने देखा कि किसी अनजान व्यक्ति ने सीट पर रखा महिला का बैग उठा लिया है और बच्चे को साथ ले जाने की कोशिश में था।

चालक ने शोर मचाया और उक्त व्यक्ति को दबोच लिया। इसी बीच पिछले दरवाजे से उसका एक साथी भाग निकला। बस में सवार लोगों ने उक्त व्यक्ति की खूब धुनाई की। पुलिस टीम ने दूसरे आरोपित को आयुर्वेदिक अस्पताल के पास स्थित नाले से पकड़ लिया। थाना प्रभारी अजय सिंह के अनुसार महिला ने बस बैग चुराने की कोशिश की शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रोहतक के वजीर कुमार और बंटी को हिरासत में लिया गया है।