हिमाचल: शादी समारोह में नाचते-गाते थम गई महिला की सांसें, 3 बच्चों के सिर से उठा मां का साया

सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जनपद के उपमंडल संगड़ाह के गांव सैंज में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। शादी की खुशियों के बीच अचानक ऐसा मातम पसरा कि हर आंख नम हो गई। गांव की 44 वर्षीय वीना देवी का दिल का दौरा पड़ने से अचानक निधन हो गया, जिससे उनके तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया भी हमेशा के लिए उठ गया।

जानकारी के अनुसार वीना देवी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। घर-परिवार और ग्रामीणों के साथ खुशियों के माहौल में वह नाच-गा रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। पहले तो लोगों ने इसे सामान्य तकलीफ समझा, लेकिन कुछ ही पलों में उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन और ग्रामीण तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं।

वीना देवी
वीना देवी का जीवन पहले से ही संघर्षों से भरा हुआ था। कुछ वर्ष पहले उनके पति का भी निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद उन्होंने टूटने के बजाय अपने तीन बच्चों के लिए खुद को संभाला और खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करती रहीं। गांव के लोग बताते हैं कि वीना बेहद मेहनती और संघर्षशील महिला थीं, जिन्होंने हर कठिन परिस्थिति में अपने बच्चों को मां और पिता दोनों का प्यार देने की कोशिश की।

लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। अब एक ही झटके में दो बेटियों और एक बेटे के सिर से मां-बाप दोनों का साया उठ चुका है। मां की मौत के बाद घर में पसरा सन्नाटा हर किसी को अंदर तक झकझोर रहा है। बच्चों की आंखों में अपने भविष्य को लेकर डर और अपनों को खोने का दर्द साफ दिखाई दे रहा है।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बच्चों की आर्थिक सहायता और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। गांव के लोगों का कहना है कि इन मासूम बच्चों को अब सहारे और सहयोग की सबसे ज्यादा जरूरत है। वीना देवी का अंतिम संस्कार उनके गांव में गमगीन माहौल में किया गया, जहां हर आंख नम थी और हर कोई यही कह रहा था जिस मां ने जिंदगीभर बच्चों के लिए संघर्ष किया, वह उन्हें यूं बेसहारा छोड़कर चली जाएगी, किसी ने सोचा भी नहीं था।