Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. राज्य के उच्च पर्वतीय जिलों कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर की चोटियों पर मंगलवार को ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि शिमला के रिज मैदान पर भी बर्फ के हल्के फाहे गिरे. निचले इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट आई है.
हिमस्खलन का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में बुधवार के लिए हिमस्खलन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने नागरिकों, पर्यटकों, ट्रैकर्स और वाहन चालकों को ऊंचाई वाले व हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है. ट्रैकिंग, पर्वतारोहण और अन्य साहसिक गतिविधियों से परहेज करने को कहा गया है.
सड़कें प्रभावित, आवाजाही बाधित
ताजा बर्फबारी के कारण किन्नौर में काजा मार्ग वाहनों के लिए बंद हो गया है. मलिंग नाला के पास हाईवे पर बर्फ जमने से यातायात ठप रहा. छितकुल, नेसंग, रोपा वैली, आसरंग, कुन्नू-चारंग और लिप्पा सहित कई ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई. वहीं, मनाली-केलांग हाईवे पर अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास हिमखंड गिरने से कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और कई वाहन फंस गए.
चंबा और अन्य क्षेत्रों में भी बर्फबारी
चंबा जिले की ऊपरी चोटियों पर करीब पांच सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि निचले क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश का दौर शुरू हुआ. कुल्लू और लाहौल की चोटियों में भी बर्फबारी हुई है.
NDMA की चेतावनी
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने कुल्लू और लाहौल में 2200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले संवेदनशील क्षेत्रों में हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है. मौसम के बिगड़े हालात के चलते कई इलाकों में सड़क, बिजली और पानी की समस्याएं बनी हुई हैं.
तापमान में गिरावट
मंगलवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया
शिमला 12.4, धर्मशाला 19.1, ऊना 21.4, नाहन 17.7, सोलन 18.0, मनाली 3.0, कांगड़ा 20.6 और मंडी 20.8 डिग्री सेल्सियस.
आज कोहरे का येलो अलर्ट
बुधवार को मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है. अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है.
आगे कैसा रहेगा मौसम
6 और 8 फरवरी: ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बारिश व बर्फबारी
9 फरवरी: प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान
न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस)
ताबो -6.4, कुकुमसेरी -3.6, कल्पा -1.2, मनाली 1.4, शिमला 3.0, धर्मशाला 4.8, सोलन 5.0, ऊना 7.6, बिलासपुर 8.0, कांगड़ा 8.3, नाहन 8.5 और मंडी 9.1.